एनडीआरएफ की टीम ने शासकीय कालिदास महिला महाविद्यालय में स्टाफ एवं छात्राओं को सिखाए आपदा प्रबंधन के गुर

उज्जैन। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की 11वीं बटालियन की एक उप-टीम द्वारा आज शासकीय कालिदास महिला महाविद्यालय, उज्जैन के परिसर में महाविद्यालय स्टाफ एवं छात्राओं के लिए एक दिवसीय सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रम (Community Awareness Programme – CAP) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन निरीक्षक श्रीनिवास मीना के नेतृत्व में 10 बचावकर्मियों की टीम द्वारा किया गया।

इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों को विभिन्न प्रकार की आपदाओं के प्रति जागरूक करना तथा आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन रक्षक कौशल प्रदान करना था, जिससे वे स्वयं तथा समाज के अन्य लोगों की सहायता कर सकें।

प्रशिक्षण के प्रमुख विषय

आपदा प्रबंधन : आपदा का अर्थ, प्रकार तथा एनडीआरएफ की भूमिका।

जीवन रक्षक कौशल : सीपीआर (CPR), एफबीएओ (FBAO), रक्तस्राव नियंत्रण, ड्रेसिंग एवं बैंडेजिंग।

बचाव तकनीकें : इम्प्रोवाइज्ड स्ट्रेचर बनाना, आपातकालीन एवं गैर-आपातकालीन स्थिति में घायल को ले जाने के तरीके तथा फ्लोटिंग डिवाइस का उपयोग।

सुरक्षा जागरूकता : भूकंप ड्रिल, सर्पदंश पर प्राथमिक उपचार (PHT) तथा आकाशीय बिजली से सुरक्षा।

तकनीकी ज्ञान : दामिनी (Damini), फ्लड वॉच (Flood Watch) तथा सचेत (Sachet) मोबाइल ऐप्स की जानकारी एवं उपयोग।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. वन्दना गुप्ता की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 150 छात्राओं एवं स्टाफ सदस्यों ने भाग लिया तथा प्रशिक्षण से लाभ उठाया। प्रतिभागियों ने एनडीआरएफ टीम द्वारा दिए गए व्यावहारिक प्रदर्शन एवं प्रशिक्षण की सराहना की।

यह कार्यक्रम युवाओं, विशेषकर छात्राओं को आपदा के समय सतर्क, सक्षम एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *